पीजीडीएवी कॉलेज ने जीता तीसरा स्वामी दयानंद सरस्वती टी20 डे-नाईट टूर्नामेंट का खिताब

admin@rashtratimes.com ·

पीजीडीएवी कॉलेज ने जीता तीसरा स्वामी दयानंद सरस्वती टी20 डे-नाईट टूर्नामेंट का खिताब

राकेश थपलियाल

‘मैन ऑफ द मैच’ यश डबास की विस्फोटक बल्लेबाजी और प्रणित की घातक गेंदबाजी के दम पर मेजबान पीजीडीएवी कॉलेज ने तीसरे स्वामी दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज टी20 डे-नाईट क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में पीजीडीएवी कॉलेज ने पीजीडीएवी येल्लो टीम को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर दरविंदर कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि खेल युवा प्रतिभाओं को अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का संदेश देते हैं। फाइनल मुकाबले में पीजीडीएवी येल्लो टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। ध्रुव नारंग ने शानदार शतक लगाते हुए 102 रन बनाए, जबकि नैतिक यादव ने 58 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। गेंदबाजी में प्रणित ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 28 रन देकर 4 विकेट झटके। वैभव पांडे ने भी 46 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। 193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीजीडीएवी कॉलेज की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। मैन ऑफ द मैच’ यश डबास ने मात्र 36 गेंदों में 91 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। अंकित कुमार ने भी 66 रन की शानदार पारी खेलकर टीम की जीत सुनिश्चित की। पीजीडीएवी कॉलेज ने केवल 14.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 196 रन बनाते हुए मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ पीजीडीएवी कॉलेज की पुरुष क्रिकेट टीम ने इस सत्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। उल्लेखनीय है कि कॉलेज की टीम 27 वर्षों बाद दिल्ली विश्वविद्यालय इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट की भी चैंपियन बनी है।

कॉलेज प्रशासन ने खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए पहली बार विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कुल 2.8 लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि भी प्रदान की। यह पहल खिलाड़ियों को नई ऊर्जा और प्रेरणा देने वाली साबित हो रही है।

और पढ़ें