11वें यमुना ट्राफी-2026 का शानदार आगाज़, डीडीए एकादश ने दानिक्स एकादश को 9 विकेट से दी मात

admin@rashtratimes.com ·

11वें यमुना ट्राफी-2026 का शानदार आगाज़, डीडीए एकादश ने दानिक्स एकादश को 9 विकेट से दी मात

नई दिल्ली। राजधानी में स्वच्छ पर्यावरण और यमुना संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन मीडिया वैलफेयर एसोसिएशन के प्रमुख राजीव निशाना तथा अमावस्या फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 11वीं यमुना ट्राफी का भव्य शुभारंभ सीडब्ल्यूजी ग्राउंड, अक्षरधाम, दिल्ली में हुआ। उद्घाटन मैच में डीडीए एकादश ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दानिक्स एकादश को 9 विकेट से हराया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति अरुण त्यागी (न्यायिक सदस्य, एनजीटी) ने टॉस उछालकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के प्रिंसिपल कमिश्नर चित्तरंजन दास भी उपस्थित रहे।

पहले बल्लेबाजी करते हुए दानिक्स एकादश 17.3 ओवर में 9 विकेट पर 93 रन ही बना सकी। जवाब में डीडीए एकादश ने केवल 11 ओवर में 1 विकेट खोकर 94 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

डीडीए की ओर से पंकज ठाकुर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों पर 51 नाबाद रन बनाए, जबकि विनोद कुमार ने 17 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में पुष्पेंद्र कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं योगेश त्यागी ने 2.3 ओवर में 13 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

यमुना ट्राफी का यह 11वां संस्करण पर्यावरण जागरूकता के साथ-साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देने का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है।

और पढ़ें